रुद्रप्रयाग। पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग के सभागार में आज एक भावुक और आत्मीय माहौल देखने को मिला, जब स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के निरीक्षक मनोज बिष्ट के जनपद देहरादून स्थानांतरण पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। करीब साढ़े तीन वर्षों तक रुद्रप्रयाग में अपनी सेवाएं देने वाले निरीक्षक बिष्ट को पुलिस परिवार ने स्नेह, सम्मान और भावनात्मक शब्दों के साथ विदा किया।
विदाई कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली की खुलकर सराहना की। प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार प्रमोद पेटवाल सहित एलआईयू स्टाफ ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि मनोज बिष्ट न केवल एक कुशल अधिकारी रहे, बल्कि अपने व्यवहार और सहयोगी स्वभाव से सभी के प्रिय भी बने रहे।
रुद्रप्रयाग में अपने कार्यकाल के दौरान निरीक्षक मनोज बिष्ट ने पुलिस महकमे के साथ-साथ स्थानीय लोगों के बीच भी एक अलग पहचान बनाई। उनके मिलनसार और सहज स्वभाव के कारण आम जनता से लेकर सामाजिक संगठनों तक सभी से उनके आत्मीय संबंध बने रहे। जनपद के पत्रकारों के साथ भी उनका विशेष जुड़ाव रहा और सभी पत्रकार साथियों ने उनके साथ बिताए समय को याद करते हुए कहा कि जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उन्होंने रुद्रप्रयाग में सबके साथ संबंध बनाए, वही स्नेह और अपनापन वे आगे भी अपने नए कार्यस्थल पर बनाए रखेंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने कहा कि स्थानांतरण सेवा का एक स्वाभाविक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अल्प समय में उनके साथ कार्य करते हुए जो जिम्मेदारियां उन्हें सौंपी गईं, उनका उन्होंने पूरी निष्ठा और कुशलता के साथ निर्वहन किया, जो सराहनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे अपने नए कार्यस्थल पर भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं देंगे।
कार्यक्रम के अंत में स्वयं निरीक्षक मनोज बिष्ट ने भावुक शब्दों में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और पत्रकार साथियों के सहयोग, स्नेह और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। रुद्रप्रयाग पुलिस परिवार ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





