रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की शिकायतों के समाधान और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सुनवाई के लिए उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा “महिला आयोग आपके द्वार” अभियान के तहत 11 मार्च 2026 को रुद्रप्रयाग में महिला जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विकास भवन सभागार, रुद्रप्रयाग में आयोजित होगा, जिसमें राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण महिलाओं की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे।
राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं से जुड़ी लंबित शिकायतों का निस्तारण करना तथा मौके पर ही उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान की दिशा में कार्रवाई करना है। कार्यक्रम में वॉक-इन शिकायतकर्ताओं की भी सुनवाई की जाएगी।
जन सुनवाई के दौरान जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिनमें जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोटेक्शन ऑफिसर, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अधिवक्ताओं की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि महिलाओं को कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें स्थल व्यवस्था, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जन सुनवाई के दौरान और बाद में मीडिया कवरेज की व्यवस्था शामिल है। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे आयोग के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।





