पोखरी में शादी समारोह से लौट रहे थे सभी दस लोग, अंधेरे और दुर्गम चट्टान के बीच देर रात तक चला रेस्क्यू अभियान
रुद्रप्रयाग। जनपद के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। कंडारा मोटर मार्ग पर पोखरी में आयोजित शादी समारोह से लौट रहा बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी, खड़ी चट्टान और अत्यधिक अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान में सभी दस लोगों को खाई से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग पोखरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कंडारा मोटर मार्ग पर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग को मिली, जिसके बाद डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। करीब 500 मीटर गहरी खाई और दुर्गम चट्टान होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से खाई से सड़क तक पहुंचाया गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान रांसी गांव निवासी 60 वर्षीय कुंवर सिंह पुत्र बच्चन सिंह, 40 वर्षीय मदन सिंह पुत्र मोहन सिंह, दैड़ा गांव निवासी 42 वर्षीय सूरज सिंह पुत्र भीम सिंह तथा गैड़ बस्ती निवासी 70 वर्षीय बलवीर सिंह पुत्र बिहारी सिंह के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में रांसी गांव निवासी 52 वर्षीय उमेश सिंह राणा पुत्र चंद्र सिंह राणा, 56 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र चंद्र सिंह, 25 वर्षीय लविश राणा पुत्र दिलीप राणा, कांता गांव निवासी आठ वर्षीय वंशिका पुत्री आशीष रावत और 34 वर्षीय पूजा देवी पत्नी आशीष रावत तथा चिल्लोंड गांव निवासी 33 वर्षीय उर्मिला देवी पत्नी भरत सिंह राणा शामिल हैं। घायलों में चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो को मामूली चोटें आई हैं।
रेस्क्यू अभियान के दौरान थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य में एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया। जिला पंचायत सदस्य कंडारा अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत, कालीमठ वार्ड के पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज वैष्णव, यूकेडी नेता आशुतोष भण्डारी, सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत और शिव सिंह रावत भी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे और बचाव कार्य में सहयोग किया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद रांसी सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है। शादी समारोह से हंसी-खुशी घर लौट रहे लोगों के साथ हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।






