रुद्रप्रयाग । पौड़ी जिले के विकासखंड कोट स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय देवल की प्रधानाध्यापिका कांति कोहली को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘उत्तराखंड गौरव रत्न पुरस्कार 2024-25’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान एक नवंबर 2026 को टीसीजी पब्लिक स्कूल, कोटद्वार में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
प्रधानाध्यापिका कांति कोहली ने अपने प्रयासों से राजकीय प्राथमिक विद्यालय देवल में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ ही छात्र-छात्राओं के नामांकन में भी लगातार वृद्धि की है। सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास बढ़ाने और बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में उनके प्रयासों को देखते हुए उनका चयन इस सम्मान के लिए किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी और डिस्कवर उत्तराखंड 24 न्यूज़ के मुख्य संपादक अम्बेश पंत की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने पर कांति कोहली ने आयोजकों और चयन समिति का आभार जताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, क्षेत्र के लोगों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।











