रुद्रप्रयाग। जखोली क्षेत्र में पत्नी के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मानवेन्द्र सिंह राणा पुत्र बच्चन सिंह, निवासी पाला कुराली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को सरोजनी देवी पत्नी सुरेश सिंह, निवासी पाला कुराली ने राजस्व पुलिस क्षेत्र बुढ़ना में तहरीर देकर अपनी बहन के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर विवेचना राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को हस्तांतरित की गई। चौकी प्रभारी जखोली अपर उप निरीक्षक सोमवीर सिंह को जांच सौंपी गई। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर मुकदमे में जानलेवा हमले समेत अन्य धाराएं 109(1), 117(2) और 115(2) बीएनएस बढ़ाई गईं। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रुद्रप्रयाग पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।






