मनोज नेगी का उत्तरकाशी, मुकेश चौहान और राकेश कुमार का देहरादून हुआ स्थानांतरण
रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में तैनात तीन पुलिस निरीक्षकों का अन्य जनपदों में स्थानांतरण हो गया है। स्थानांतरित होने वाले निरीक्षक मनोज नेगी, मुकेश चौहान और राकेश कुमार के सम्मान में पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तीनों निरीक्षकों के साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में स्थानांतरित हो रहे तीनों निरीक्षकों ने जनपद में अपनी सेवाओं के दौरान मिले अनुभवों और कार्यकाल की यादों को साझा किया। उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग में तैनाती के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों से उन्हें भरपूर सहयोग एवं मार्गदर्शन मिला। पुलिस परिवार के साथ बिताए गए समय को उन्होंने यादगार बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण सेवा का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाता है। उन्होंने तीनों निरीक्षकों की ओर से जनपद में दी गई सेवाओं और उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जिस समर्पण और कार्यकुशलता के साथ उन्होंने यहां अपने दायित्वों का निर्वहन किया, उसी भावना के साथ नई तैनाती पर भी कार्य करेंगे। उन्होंने तीनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि निरीक्षक मनोज नेगी वर्ष 2022 से जनपद रुद्रप्रयाग में तैनात थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एसओजी प्रभारी के साथ ही कोतवाली रुद्रप्रयाग और कोतवाली ऊखीमठ के प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अब उनका स्थानांतरण जनपद उत्तरकाशी किया गया है। वहीं निरीक्षक मुकेश चौहान वर्ष 2024 से जनपद में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने कोतवाली ऊखीमठ और कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी के रूप में कार्य किया। उनका स्थानांतरण जनपद देहरादून हुआ है।
इसी क्रम में निरीक्षक राकेश कुमार वर्ष 2024 से जनपद रुद्रप्रयाग में तैनात थे। उन्होंने जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) प्रभारी और कोतवाली गुप्तकाशी प्रभारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका स्थानांतरण भी जनपद देहरादून किया गया है।
समारोह के समापन पर पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने तीनों स्थानांतरित निरीक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर, क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी अवनी तिवारी, निरीक्षक एलआईयू संतोष भट्ट, निरीक्षक संचार प्रमोद पेटवाल, वाचक रणजीत खनेड़ा, प्रधान लिपिक राजेश कुमार, आंकिक प्रदीप कुकरेती, प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित जनपद के विभिन्न थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






