रुद्रप्रयाग। जखोली क्षेत्र के अर्जुन बैंड के समीप रविवार दोपहर एक इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे इको वाहन संख्या UK13TA-4410 शादी समारोह से कुरछोला से जखनोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41), निवासी कुरछोला, बसंती देवी (52) और सुनीता देवी (35), निवासी तैला की मौत हो गई। वहीं सतपाल सिंह निवासी कुनियाली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि शिवानी (15), दिव्यांशी (13), अंजलि (26) और सुमीता निवासी कुनियाली भी घायल हुई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।












