रुद्रप्रयाग । लंबे इंतजार के बाद आखिरकार जिला पंचायत सदस्य अजय वीर सिंह भंडारी ने 8 महीने बाद शपथ ग्रहण कर ली। न्यायालय से राहत मिलने के बाद उन्होंने विधिवत पदभार संभाला। शपथ लेने के बाद भंडारी ने कहा कि बीते आठ महीनों में क्षेत्र के विकास कार्य जरूर प्रभावित हुए हैं, लेकिन अब उन्हें तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीत है। उनका प्रयास रहेगा कि जो कार्य इस दौरान लंबित रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। भंडारी ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की जाएगी।
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने अजय वीर सिंह भंडारी को बधाई देते हुए कहा कि अब सदन में मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जनप्रतिनिधि एकजुट होकर क्षेत्र के हित में काम करेंगे, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिल सके।





