रुद्रप्रयाग। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में श्री केदारनाथ धाम भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, जिला कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित भ्रमण की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रपति के भ्रमण को सुरक्षित, सुचारू और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को कार्यक्रम के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण को गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सभी जरूरी व्यवस्थाओं पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों के साथ ही केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रयास किया जा रहा है कि भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन एवं यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सुचारू बनी रहे।
जिला प्रशासन की ओर से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि राष्ट्रपति का प्रस्तावित भ्रमण सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके और आम श्रद्धालुओं की यात्रा भी प्रभावित न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






