मेरिट के आधार पर काउंसलिंग के बाद आवंटित किए गए नियुक्ति स्थल, एक माह के भीतर ग्रहण करना होगा कार्यभार
रुद्रप्रयाग। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए 24 नई महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) की तैनाती की गई है। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित 25 अभ्यर्थियों में से 24 को मेरिट के आधार पर काउंसलिंग के बाद नियुक्ति स्थल आवंटित कर दिए गए हैं, जबकि एक अभ्यर्थी काउंसलिंग में अनुपस्थित रही। सभी चयनित अभ्यर्थियों को एक माह के भीतर आवंटित स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यभार ग्रहण करना होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि जनपद में एएनएम के 25 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति स्थल आवंटित करने के लिए काउंसलिंग आयोजित की गई। इसमें 24 अभ्यर्थियों को मेरिट एवं निर्धारित मानकों के अनुसार स्वास्थ्य उपकेंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनाती दी गई है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र तिलवाड़ा, सुमाड़ी, चोपड़ा, जवाड़ी, मयाली, दुर्गाधार, बुढ़ना, मनसूना, बसुकेदार, चौंरा, दिगधार, बरसूड़ी, जग्गी-बगवान, फाटा, त्यूंखर, खलियाण, लदोली, जसोली, रामपुर और दैड़ा के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली के दो तथा ऊखीमठ के तीन पदों पर तैनाती आवंटित की गई है।
सीएमओ ने कहा कि नई एएनएम की तैनाती से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने में सहूलियत होगी।
काउंसलिंग समिति में जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस नेगी एवं डॉ. भुवन शामिल रहे। वहीं, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप सिंह रावत, प्रधान सहायक महिपाल सिंह नेगी और कनिष्ठ सहायक दीपक रावत ने भी काउंसलिंग प्रक्रिया में सहयोग किया।






