रुद्रप्रयाग : जनपद रुद्रप्रयाग की केदारघाटी में इन दिनों शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। ग्राम सभा मैखंडा में महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और गांव में बैठक कर शराब को पूर्ण रूप से बंद करने की शपथ ली।
केदारघाटी के कई गांवों में चल रहे इस अभियान के बीच मैखंडा गांव में महिला मंगल दल की अध्यक्ष भगीरथी देवी, प्रधान कविता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रियंका देवी, सरपंच नीता देवी सहित विजय देवी, कस्तूरा देवी, सुमन, लीला, भरोशी और अन्य महिलाओं ने एकजुट होकर शराब के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महिलाओं ने साफ कहा कि गांव में अब किसी भी कीमत पर शराब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि शराब की बिक्री या सेवन जारी रहा तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि शराब के कारण गांव का माहौल बिगड़ रहा है और परिवारों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है, जिसे अब किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गांव में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मैखंडा को नशा मुक्त बनाया जाएगा और इसके लिए हर स्तर पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। महिलाओं के इस आंदोलन ने पूरे क्षेत्र में एक नई चेतना जगा दी है और आने वाले दिनों में यह अभियान और व्यापक रूप ले सकता है।





