रुद्रप्रयाग । मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग की न्याय पंचायत सतेराखाल अंतर्गत ग्राम कमेड़ा में आज “प्रशासन गांव की ओर” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रभारी सचिव रुद्रप्रयाग आर. राजेश कुमार ने की। उन्होंने शिविर स्थल पर पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाए।
प्रभारी सचिव आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इन शिविरों का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए समयसीमा निर्धारित कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, आधार सेवाएं, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, यूसीसी पंजीकरण, ई-केवाईसी, एलपीजी केवाईसी सहित अनेक सेवाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 35 समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 20 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
ग्राम प्रधान कमेड़ा ऊषा देवी ने शिविर के आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। उन्होंने पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास, मुआवजा एवं अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग रखी और उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा इन पर शीघ्र कार्यवाही की जाएगी।
शिविर में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।





