रुद्रप्रयाग जनपद में होमगार्ड स्वयंसेवकों की सीधी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। भर्ती के लिए आवेदन 10 जून से 30 जून 2026 तक आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि में पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों से कुल 1103 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
होमगार्ड्स के प्रभारी जिला कमांडेंट सुरेन्द्र दत्त डंगवाल ने बताया कि 20 पुरुष होमगार्ड स्वयंसेवक पदों के लिए कुल 918 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जबकि 4 महिला होमगार्ड स्वयंसेवक पदों के लिए 185 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच 9 जुलाई 2026 तक की जाएगी। इसके बाद पात्र पाए गए अभ्यर्थियों को शारीरिक नाप-जोख एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल किया जाएगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन 10 जुलाई से किया जाएगा।
जिला कमांडेंट ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।





