रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) एवं पीएम पोषण के नोडल अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने विद्यालयों के संस्थाध्यक्षों एवं प्रभारियों को किचन-कम-स्टोर का प्रतिदिन निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना के संचालन में लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी से अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए गैस चूल्हे, बर्तन और भोजन बनाने वाले उपकरणों की नियमित जांच के साथ किचन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। भोजन माताओं को स्वच्छता और सुरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश देने को भी कहा गया है।
चौधरी ने बरसात के मौसम को देखते हुए खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव और उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। खंड एवं उप शिक्षा अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान पीएम पोषण के मानकों, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच करने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नौनिहालों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। बच्चों को परोसे जाने वाले पके-पकाए भोजन की स्वच्छता, गुणवत्ता और नियमितता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय संस्था की होगी।





