रुद्रप्रयाग। खेल महाकुंभ-2026 के सफल आयोजन को लेकर जनपद रुद्रप्रयाग में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। न्याय पंचायत स्तर से लेकर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी तक की प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ आगामी 1 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चंपावत की मोहनपुर न्याय पंचायत से प्रस्तावित है। इसी क्रम में जनपदों में भी विभिन्न स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। रुद्रप्रयाग में न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग को सौंपी गई है, जबकि विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन को लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल महाकुंभ से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल, खिलाड़ियों की सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से छात्र-छात्राओं का अधिकाधिक ऑनलाइन पंजीकरण कराने पर जोर दिया, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवा खेल महाकुंभ में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
प्रतिभागियों का ऑनलाइन पंजीकरण khelouk.in/registration के माध्यम से किया जाएगा। प्रशासन की ओर से विद्यालयों और संबंधित विभागों को पंजीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
खेल महाकुंभ के तहत विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, पदक और प्रमाण-पत्र के साथ-साथ संबंधित स्तर की चैंपियनशिप ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के लिए क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित है। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए 500, 400 और 300 रुपये, जबकि संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800, 600 और 400 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान के लिए 1500 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 1000 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 700 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों को संबंधित चैंपियनशिप ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी। राज्य स्तर पर प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र, विजेता प्रमाण-पत्र और मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का भी प्रावधान किया गया है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य खेल महाकुंभ के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिताओं के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





