रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत दूरस्थ राजकीय इंटर कॉलेज खेड़ाखाल में एक दिवसीय व्यावसायिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 83 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर करियर और रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में आयोजित शिविर में ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुशील तिवारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विषय का चयन कर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न इंजीनियरिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उनके अवसरों की जानकारी भी दी।
सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को रोजगार पंजीयन, रोजगार प्रयाग पोर्टल, विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, भाषा प्रशिक्षण और मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना समेत विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर ग्रामीण निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता राहुल, मनोज बिष्ट, प्रधानाचार्य जयकरण सिंह, शिक्षक विनय डिमरी, डीएल शाह, पीएस अछोली, निधि बर्तवाल, विजया जोशी और सरोज रावत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।












