रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने हिमाचल प्रदेश से आए विस्तारक देवेंद्र ठाकुर को रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। वह अगले चार महीने तक क्षेत्र में रहकर पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे।
रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बैठक के बाद देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत उन्हें चार महीने के लिए विस्तारक प्रभारी के रूप में यहां भेजा गया है। उनके जिम्मे रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद अब मंडल स्तर पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही ग्राम केंद्रों और बूथों तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया जाएगा।
देवेंद्र ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार की विभिन्न योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक जानकारी पहुंचाई जाएगी। संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने और सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को बताने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए संगठन को तैयार करना है।
वहीं, भाजपा के रुद्रप्रयाग जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है और संगठन लगातार अपनी गतिविधियां संचालित करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए संगठनात्मक तैयारी कोई नई बात नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता निरंतर जनता के बीच रहते हैं और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हैं।
भारत भूषण भट्ट ने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष यात्रा ऐतिहासिक रही है और यात्रा का संचालन शांतिपूर्ण ढंग से हुआ है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के कपाट खुलने के समय आयोजित कार्यक्रमों में भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी रही थी। पार्टी संगठन की गतिविधियों के साथ प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और यात्रा व्यवस्थाओं को भी जनता के बीच रखा जा रहा है।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले रुद्रप्रयाग में विस्तारक की तैनाती को पार्टी की बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में मंडलों, ग्राम केंद्रों और बूथों पर बैठकों तथा जनसंपर्क गतिविधियों के जरिए चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।






