रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। हालिया बर्फबारी के बाद धाम की खूबसूरत वादियों को निहारने के लिए तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही में तेजी देखी जा रही है। इस वर्ष अब तक करीब 19 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के अंतिम चरण में भी श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। बर्फबारी के बाद धाम में तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। कपाट बंद होने में अब एक सप्ताह से भी कम समय शेष है, ऐसे में आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका प्रशासन को अलर्ट रखा गया है। धाम में जगह-जगह अलाव जलाए जा रहे हैं, ताकि ठंड से श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि तापमान में लगातार गिरावट के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी अलर्ट रखा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपनी टीम के साथ केदारनाथ धाम में फील्ड निरीक्षण करने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आगामी यात्रा के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अगली यात्रा की तैयारियां मौजूदा यात्रा के अनुभवों के आधार पर अभी से शुरू की जा रही हैं, ताकि इस वर्ष सामने आई चुनौतियों और कमियों को दूर कर आगामी यात्रा को और बेहतर बनाया जा सके।








