रुद्रप्रयाग जनपद के विकासखंड अगस्तमुनि अंतर्गत ग्राम पंचायत ग्वेफड़ में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना पूर्ण होने पर ‘जल अर्पण दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक भरत सिंह चौधरी ने शिरकत की। योजना के प्रथम फेज में 11 लाख तथा द्वितीय फेज में 60 लाख रुपये व्यय किए गए। कुल 70 लाख की लागत से तैयार पेयजल योजना को कार्यदायी संस्था जल संस्थान द्वारा ग्राम पंचायत को सुपुर्द कर स्वामित्व हस्तांतरित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान लीला सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योजना पूर्ण होने पर सरकार एवं विभाग का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम से पूर्व महिला मंगल दलों एवं स्कूली बच्चों द्वारा जल जीवन मिशन पर आधारित प्रस्तुतियाँ दी गईं। अधिशासी अभियंता अनीश पिल्लई ने योजना की विस्तृत जानकारी साझा की।
विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाना है। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





