रुद्रप्रयाग : रुद्रप्रयाग जनपद के त्रियुगीनारायण ग्राम पंचायत में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। स्थानीय मातृशक्ति ने एकजुट होकर जोरदार जुलूस निकालते हुए प्रशासन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया और क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई।
जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने गांव की सड़कों पर उतरकर नारेबाजी की और स्पष्ट संदेश दिया कि अब अवैध शराब को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं ने कहा कि शराब के कारण सामाजिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है और इसका सबसे अधिक असर परिवारों, खासकर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने थाना अध्यक्ष सोनप्रयाग को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में संचालित अवैध शराब के धंधे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि लगातार शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस आंदोलन का नेतृत्व ग्राम प्रधान रुचि गैरोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन तिवारी और महिला मंगल दल की अध्यक्ष ने किया। वहीं जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं के आंदोलन का समर्थन किया और प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के बढ़ते कारोबार ने क्षेत्र का माहौल खराब कर दिया है, जिससे कानून व्यवस्था और सामाजिक जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। मातृशक्ति के इस संगठित विरोध को स्थानीय लोगों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है।
महिलाओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल, इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


















