रुद्रप्रयाग। जनगणना 2027 के सफल, पारदर्शी और समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण 23 से 25 मार्च तक तहसील रुद्रप्रयाग में संचालित हो रहा है, जिसमें जनगणना कार्य से जुड़े फील्ड स्तर के कार्मिकों को तकनीकी और व्यवहारिक दोनों पहलुओं पर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 16 फील्ड ट्रेनरों को मास्टर ट्रेनर के रूप में मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट और जनगणना निदेशालय देहरादून से नितीश रावत द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान जनगणना की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाते हुए डेटा संकलन, प्रपत्रों के सही उपयोग, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल और सूचना की शुद्धता बनाए रखने के तरीकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण में भवन गणना और व्यक्ति गणना के विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक सूचना का सटीक और प्रमाणिक होना अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए यह प्रशिक्षण आधारशिला का कार्य करेगा।
जनपद में जनगणना का प्रथम चरण, यानी भवन गणना, 24 अप्रैल से 25 मई के बीच संपन्न किया जाएगा। इसके मद्देनजर यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी के आधार पर आगे की कार्यवाही की गुणवत्ता तय होगी।
प्रशिक्षण के आगामी चरण में प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर द्वारा जनगणना कार्य में नियुक्त एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे जमीनी स्तर पर कार्य को व्यवस्थित और सुचारू रूप से क्रियान्वित किया जा सके।
जनपद प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और जनगणना 2027 को सफल बनाने में सहयोग दें।





