रुद्रप्रयाग। जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण क्षेत्र अमित मेखण्डी ने नारायणकोटी में डिजिटल जनसंपर्क कार्यालय का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और उन्हें जनप्रतिनिधि से सीधे जोड़ना है।
अमित मेखण्डी ने बताया कि त्रियुगीनारायण जिला पंचायत क्षेत्र में नारायणकोटी, त्रियुगीनारायण, तोषी और गौरीकुंड सहित कई गांव शामिल हैं, जहां लोगों की विभिन्न समस्याओं को समय पर समाधान तक पहुंचाने के लिए यह डिजिटल व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्रवासी व्हाट्सएप नंबर 7302508014 पर अपनी समस्या, सुझाव या शिकायत भेज सकते हैं।
उन्होंने बताया कि डिजिटल कार्यालय से जुड़ी टीम प्राप्त शिकायतों की पूरी जानकारी लेकर संबंधित व्यक्ति से संपर्क करेगी और समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू करेगी। इसके बाद आवश्यक होने पर स्वयं भी संबंधित मामलों की निगरानी करेंगे।
मेखण्डी ने कहा कि इस डिजिटल माध्यम के जरिए क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि डिजिटल कार्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर बैठे सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपनी समस्याओं को सीधे डिजिटल माध्यम से साझा करने की अपील की।





