रुद्रप्रयाग, 2 अगस्त। जखोली विकासखंड के ग्राम स्वारा नामी तोक क्षेत्र में घास लेने गई एक महिला के गदेरे में बह जाने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन ने एसडीआरएफ, जल पुलिस और डीडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजकर खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार रविवार सुबह 11:32 बजे ग्राम प्रधान सेमकोटी ने सूचना दी कि तिमली से आगे घास लेने गई एक महिला गदेरे में बह गई है। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल जल पुलिस, एसडीआरएफ तथा डीडीआरएफ बसुकेदार की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
लापता महिला की पहचान श्रीमती विनीता देवी (38 वर्ष), पत्नी श्री हिम्मत सिंह नेगी, निवासी ग्राम कोटी के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर महिला की तलाश में जुटी हैं। समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था और खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी था।





