रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आज केदारनाथ धाम पहुंचकर केदारनाथ विकास प्राधिकरण (केडीए) के अंतर्गत संचालित पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केदारनाथ धाम में संचालित सभी पुनर्निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने और प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ धाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को देखते हुए यहां होने वाले विकास कार्यों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुव्यवस्थित विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। इसका उद्देश्य सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तय समयसीमा में पूरा कराना है, ताकि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और विकास कार्य व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ें।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












