रुद्रप्रयाग। अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनप्रयाग पुलिस ने एक कार से 10 पेटी अवैध शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन को सीज कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को सोनप्रयाग क्षेत्र में चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके 10-5758 (स्विफ्ट डिजायर) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 10 पेटी शराब बरामद हुई, जिसमें 72 बोतल, 24 हाफ और 144 पव्वे शामिल हैं।
पुलिस ने शराब के परिवहन के आरोप में जयवीर सिंह पुत्र सतेसिंह, निवासी ग्राम ललूड़ी, रुद्रप्रयाग को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





