रुद्रप्रयाग। जिले के विद्यालयों में 01 से 15 सितंबर 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसके प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने जिले के समस्त खंड एवं उप शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने विद्यालयों में संचालित स्वच्छता आधारित गतिविधियों की ब्लॉकवार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का उद्देश्य विद्यार्थियों में विद्यालय परिसर की स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ शौचालय, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है, ताकि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जा सके। उन्होंने सभी विद्यालयों में स्वच्छता आधारित गतिविधियों का आयोजन करने तथा विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर इसके महत्व की जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों की रसोई और उसके आसपास के परिसर की नियमित सफाई, खाद्य सामग्री को व्यवस्थित तरीके से रखने तथा भोजन तैयार करने में स्वच्छ पेयजल का प्रयोग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पके हुए भोजन का वितरण स्वच्छ स्थान पर कराने के निर्देश दिए।
सीईओ ने विद्यार्थियों में भोजन से पहले और बाद में साबुन से हाथ धोने की आदत विकसित करने के साथ ही नियमित रूप से नाखून और दांतों की सफाई तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यालयों में किचन गार्डन स्थापित करने, उसका नियमित रखरखाव करने तथा स्थानीय स्तर पर उगाई जाने वाली सब्जियों को पीएम पोषण योजना में शामिल करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान विद्यालयों में स्वैच्छिक रूप से विशेष भोज का आयोजन भी किया जाए। इसके लिए स्थानीय गणमान्य नागरिकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का सहयोग लिया जा सकता है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों में पखवाड़े को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा संबंधित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को गतिविधियों की रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।





