धारेश्वर महादेव मंदिर के सकलीकरण कार्यक्रम में शामिल होकर की पूजा-अर्चना, ग्रामीणों से संवाद कर सुनी क्षेत्र की समस्याएं
रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (उक्रांद) ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में उत्तराखण्ड क्रान्ति दल सैनिक प्रकोष्ठ के केंद्रीय उपाध्यक्ष भरत सिंह राणा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने तल्ला नागपुर की न्याय पंचायत चोपड़ा का भ्रमण कर स्थानीय जनता से संवाद किया।
भरत सिंह राणा चोपड़ा मुख्य बाजार स्थित नवनिर्मित धारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां आयोजित सकलीकरण कार्यक्रम में शामिल होकर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रवासियों द्वारा आयोजित भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने उक्रांद नेता का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान भरत सिंह राणा ने ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चोपड़ा-गढ़ीधार मोटर मार्ग के अपग्रेडेशन और डामरीकरण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क का कार्य समय पर पूरा न होने से क्षेत्र की जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया।
उक्रांद नेता ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार जनता के बीच जाकर संवाद करेगी और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। इस दौरान मनोज सिंह, वीरेन्द्र सिंह सहित कई उक्रांद कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।














