फाटा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पकड़ी गई ₹3.5 लाख की अवैध शराब

रुद्रप्रयाग । श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए रुद्रप्रयाग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी फाटा पुलिस और एसओजी रुद्रप्रयाग की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान खच्चरों के चारे की आड़ में ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए शराब परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर यात्रा मार्गों में अवैध शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी फाटा और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन संख्या UK 12 CA 0723 को रोका गया। पहली नजर में वाहन में खच्चरों का चारा लदा दिखाई दिया, लेकिन जब पुलिस टीम ने गहन तलाशी ली तो चारे के नीचे छुपाकर रखी गई कुल 494 बोतल मैकडॉवल्स अवैध शराब बरामद हुई।

बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹3.5 लाख बताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शराब की खेप जब्त कर ली तथा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को सीज कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलजार अहमद पुत्र मोहम्मद मोहसीन निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश हाल निवासी भक्तियाना, श्रीनगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश सती, आरक्षी अंकित, आरक्षी जगदीश, आरक्षी रविंद्र सिंह रावत एवं आरक्षी देवेंद्र सिंह शामिल रहे।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा की पवित्रता और मर्यादा भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

  • Related Posts

    रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा में जहर खाने से बिगड़ी व्यक्ति की हालत,काली मंदिर के समीप घटना,तुरंत पहुंची आपातकालीन सेवा।

    रुद्रप्रयाग।रुद्रप्रयाग जनपद के तिलवाड़ा क्षेत्र में बुधवार अपराह्न एक व्यक्ति द्वारा जहर खाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 27 मई 2026 को अपराह्न करीब…

    गौरीकुंड में नदी के बीच मिला अज्ञात शव, SDRF-NDRF-DDRF व YMF की संयुक्त टीम ने चलाया चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान

    रुद्रप्रयाग जनपद के गौरीकुंड क्षेत्र में बुधवार को घोड़ा पड़ाव के समीप नदी के बीच एक अज्ञात शव तैरता हुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *