रुद्रप्रयाग। तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। केदारनाथ धाम जा रही एक महिंद्रा XUV 700 अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी किनारे पानी में जा गिरी। वाहन में सवार पांच यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुबह लगभग 5 बजे जिला कंट्रोल रूम और डायल-112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलने पर चौकी तिलवाड़ा व कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन (UP16-DK0856) में सवार सभी यात्री केदारनाथ यात्रा पर जा रहे थे। संयुक्त रेस्क्यू टीम ने वाहन में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में प्रिंस सिंह (30 वर्ष), सभीमा सिंह (28 वर्ष), सुजोन मुखर्जी (27 वर्ष), ऋजा मुखर्जी (30 वर्ष) तथा वाहन चालक प्रदीप कुमार (35 वर्ष) शामिल हैं। हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें आई हैं, जबकि चालक समेत तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें लगी हैं।
सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। समय रहते चलाए गए रेस्क्यू अभियान के चलते सभी यात्रियों की जान बचा ली गई।





