बेटी की शादी के जेवरात से भरा बैग बस में छूटा, रुद्रप्रयाग पुलिस ने लौटाई परिवार की खुशियां

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी, संवेदनशीलता और जनसेवा का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति का वह बैग सकुशल बरामद कर वापस दिलाया, जिसमें उसकी बेटी की शादी के लिए रखे गए कीमती जेवरात, कपड़े और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार 06 जून 2026 को चमोली जनपद के ग्राम गौणा निवासी दलीप सिंह ने डायल 112 के माध्यम से सूचना दी कि सफर के दौरान नगरासू के पास उनका बैग बस में ही छूट गया है। वह भोजन के लिए बस से उतरे थे, लेकिन इसी दौरान बस वहां से रवाना हो गई। बैग में बेटी की शादी से जुड़े आभूषण, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे होने के कारण वह बेहद परेशान और चिंतित थे। स्थिति की गंभीरता इस बात से भी समझी जा सकती है कि उन्हें बस का नंबर भी ठीक से याद नहीं था।
सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संबंधित बस की पहचान की। इसके बाद जीएमओयू से संपर्क कर तथा ई-चालान प्रणाली की मदद से वाहन स्वामी और चालक की जानकारी जुटाई गई। चालक से संपर्क करने पर उसने पूरा सहयोग किया और बताया कि वह यात्रियों को ऋषिकेश छोड़ने के बाद अगले दिन बदरीनाथ रूट पर लौटेगा तथा बैग सुरक्षित पुलिस को सौंप देगा।
चालक ने अपना वादा निभाते हुए बैग को सुरक्षित कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दलीप सिंह को उनका बैग सकुशल वापस सौंप दिया। बेटी की शादी के जेवरात और सामान सुरक्षित मिलने पर दलीप सिंह के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि उत्तराखंड पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय लोगों की उम्मीद और भरोसे का मजबूत सहारा भी है।

  • Related Posts

    केदारनाथ व्यापार सभा की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन, विष्णु रुवाड़ी बने अध्यक्ष

    केदारनाथ, 13 जून। श्री केदार सभा के सानिध्य में शनिवार को व्यापार सभा श्री केदारनाथ की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न…

    नारायणकोटी में खुला जिला पंचायत का डिजिटल जनसंपर्क कार्यालय, अब व्हाट्सएप पर दर्ज होंगी क्षेत्र की समस्याएं : अमित मेखण्डी

    रुद्रप्रयाग। जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण क्षेत्र अमित मेखण्डी ने नारायणकोटी में डिजिटल जनसंपर्क कार्यालय का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और उन्हें…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *