रुद्रप्रयाग । केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग और सीतापुर के बीच उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्थानीय लोगों ने नेपाली मूल की कुछ महिलाओं के पास मौजूद दो बैगों की जांच की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैगों में चिकन और मटन रखा हुआ था, जिसे केदारनाथ धाम की ओर ले जाया जा रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और महिलाओं को रोककर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद संबंधित महिलाओं और बरामद सामग्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाबा केदार की पवित्र नगरी और यात्रा मार्ग की धार्मिक मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उनका आरोप है कि इस प्रकार की सामग्री को धाम क्षेत्र की ओर ले जाना आस्था से जुड़े लोगों की भावनाओं को आहत कर सकता है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद सामग्री कहां ले जाई जा रही थी और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।





