रुद्रप्रयाग, 31 जुलाई। रुद्रप्रयाग में एक युवती का पीछा कर अश्लील टिप्पणियां और अभद्रता करने के मामले में कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को पीड़िता अपनी स्कूटी से कंप्यूटर क्लास जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने उसका पीछा किया और रास्ते में वाहन रोककर अश्लील टिप्पणियां करते हुए अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद युवती ने तत्काल इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।
पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रप्रयाग में आरोपी आकाश पुत्र खेम चंद्र, निवासी ग्राम फिरोजपुर मुंदो, मंडावर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 126, 78 एवं 79 के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 45/2026) दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





