रुद्रप्रयाग। विकासखंड ऊखीमठ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन घूतू-नागराज-सल्या-तुलंगा मोटर मार्ग का निर्माण निर्धारित समय बीतने के बावजूद पूरा नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण में हो रही देरी और कार्य की गुणवत्ता को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
सूरज नेगी ने कहा कि करीब सात किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के उन्नयन के लिए वर्ष 2024 में शासन ने 7 करोड़ 5 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सिंचाई खंड रुद्रप्रयाग की ओर से आरबी ग्रुप डेवलप एंड बिल्डर्स कंपनी के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। कार्य को जनवरी 2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन सितंबर 2026 तक भी सड़क का निर्माण अधूरा है।
उन्होंने कहा कि इस मोटर मार्ग के निर्माण से सल्या, लवाणी, तुलंगा समेत 12 गांवों के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलनी थी। लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नेगी के मुताबिक निर्माण कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने फरवरी 2026 में ऊखीमठ के उपजिलाधिकारी से शिकायत की थी। इसके बाद विभाग के अधीक्षण अभियंता और रुद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता की ओर से संबंधित निर्माण एजेंसी को चेतावनी पत्र जारी किया गया, लेकिन इसके बाद भी कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं आई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सितंबर 2026 तक मोटर मार्ग का करीब 50 प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है और निर्माण में देरी करने वाली फर्म के खिलाफ पत्राचार के अलावा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नेगी ने कहा कि सरकारी योजनाओं के कार्य निर्धारित समय में पूरे कराने की जिम्मेदारी विभाग की है। ऐसे में लंबे समय से अधूरे पड़े मोटर मार्ग को लेकर विभागीय निगरानी और कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जांच कराने, देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने तथा मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की।





