गुलदार हमले में लापता बच्चे का शव बरामद, देर रात तक चला सघन रेस्क्यू अभियान

रुद्रप्रयाग : सिंद्रवाणी (छिनका नगरासू) क्षेत्र में गुलदार द्वारा बच्चे को उठाकर ले जाने की घटना के बाद प्रशासन, वन विभाग, पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने देर रात तक सघन सर्च अभियान चलाया। जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशन एवं एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी के नेतृत्व में सात अलग-अलग टीमों द्वारा चलाए गए इस अभियान के परिणामस्वरूप रात्रि लगभग 11 बजे बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। सर्च अभियान में वन विभाग के 20 कर्मी, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ के 14 कर्मी, जिला प्रशासन के 6 अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस टीम शामिल रही।

घटनास्थल पर एसडीएम रुद्रप्रयाग, डीडीएमओ, एसडीओ वन विभाग, कोतवाली प्रभारी एवं जिला सूचना अधिकारी स्वयं मौजूद रहे और अभियान की लगातार निगरानी की। एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी ने बताया कि वन विभाग की तीन टीमें, डीडीआरएफ की दो टीमें, एसडीआरएफ की एक टीम तथा पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीमों ने पूरे क्षेत्र में गहन सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद बच्चे का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।

एसडीएम ने कहा कि गुलदार के संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीणों की राय को शामिल करते हुए विभिन्न स्थानों पर पिंजरे लगाए जाएंगे और वन विभाग की गश्ती टीम क्षेत्र में लगातार गश्त करेगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इस घटना में गुलदार का शिकार बने बच्चे की पहचान दक्ष पुत्र श्री हेमंत बिष्ट के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 5 से 6 वर्ष बताई गई है।

  • Related Posts

    भू-धंसाव से बढ़ा खतरा, पुल पर मंडराया संकट, मौके पर पहुंची विधायक, लिया हालात का जायजा..

    रुद्रप्रयाग जनपद के ताला–बरंगाली मोटर मार्ग पर लगातार बढ़ रहे भू-धंसाव को लेकर रविवार को केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आकाशकामिनी…

    केदारनाथ हेली टिकट के नाम पर ठगी, तीन दोषियों को 3-3 साल की सजा,फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं से ठगी, कोर्ट ने सुनाया सख्त फैसला।

    केदारनाथ हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले तीन अभियुक्तों को न्यायिक मजिस्ट्रेट उखीमठ श्री सन्तोष पच्छिमी की अदालत ने दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। अदालत ने…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *