केदारनाथ यात्रा 2026 से पहले तैयारियों का ग्राउंड रिव्यू,गुप्तकाशी से घोड़ापड़ाव तक पहुंचीं विधायक आशा नौटियाल, सुरक्षा और सुविधाओं पर सख्त निर्देश…

रुद्रप्रयाग में आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 22 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन युद्धस्तर पर जुटा है। इसी क्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने गुप्तकाशी से गौरीकुंड होते हुए घोड़ापड़ाव तक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 सहित गुप्तकाशी तिराहा, बड़ासू, खुमेरा, मैंखंडा, व्योगाड़, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और मुनकटिया जैसे संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने भूस्खलन संभावित स्थानों पर मलबा हटाने, नालियों की सफाई, सड़क मरम्मत, क्रैश बैरियर और सुरक्षा कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही चट्टानों से लटकते पत्थरों को हटाने, साइनेज और सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

स्वच्छता और सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए विधायक ने यात्रा मार्ग पर शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, महिलाओं के लिए सेनेटरी डिस्पोजल मशीन, पेयजल और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर सोलर लाइट लगाने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

सीतापुर पार्किंग क्षेत्र में भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, जहां पार्किंग, शटल सेवा, मैकेनिक सुविधा, कैंटीन, शौचालय और पुलिस चेकपोस्ट को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। यात्रियों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और विश्राम स्थलों पर बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

घोड़ापड़ाव तक निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्थानीय होटल और घोड़ा-खच्चर संचालकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं और 10 अप्रैल तक रामपुर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त दीवार का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार केदारनाथ यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगी।

  • Related Posts

    तुंगनाथ-चंद्रशिला में गिरी आकाशीय बिजली, दो लोग चपेट में,SDRF-DDRF की टीमें राहत-बचाव के लिए रवाना..

    चंद्रशिला तुंगनाथ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों के प्रभावित होने की सूचना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां अलर्ट…

    कम उम्र में विवाह की तैयारी पर प्रशासन सख्त, परिवारों को दी कानूनी चेतावनी,रुद्रप्रयाग में बाल संरक्षण टीम की तत्परता, काउंसलिंग से सुलझा संवेदनशील मामला..

    रुद्रप्रयाग । जनपद रुद्रप्रयाग में बाल विवाह रोकथाम एवं बाल संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत जिला प्रशासन ने एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *