रुद्रप्रयाग। जनपद में निष्क्रिय और डुप्लीकेट राशन कार्डों के साथ दोहरे लाभार्थियों पर अब कार्रवाई शुरू होने जा रही है। स्मार्ट पीडीएस के तहत 1 अक्टूबर 2026 से लंबे समय से निष्क्रिय राशन कार्डों के स्वतः निष्क्रियकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली ने सभी राशन कार्डधारकों से समय रहते ई-केवाईसी और आवश्यक सत्यापन कराने की अपील की है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि स्मार्ट पीडीएस पर प्रत्येक माह की 21 तारीख को ऐसे राशन कार्ड चिह्नित किए जाएंगे, जिन पर लगातार छह माह तक खाद्यान्न का कोई सफल वितरण लेन-देन नहीं हुआ है। चिह्नित कार्डों को अगले माह की एक तारीख को स्वतः निष्क्रिय कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन राशन कार्डधारकों ने पिछले छह माह से खाद्यान्न प्राप्त नहीं किया है, वे निर्धारित 90 दिन की अवधि में ई-केवाईसी और क्षेत्रीय सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। सत्यापन में पात्र पाए जाने पर नियमानुसार राशन कार्ड को दोबारा सक्रिय किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों के मोबाइल नंबर गलत, बंद या राशन कार्ड से लिंक नहीं हैं और इस कारण उन्हें एसएमएस की सूचना प्राप्त नहीं हो रही है, वे संबंधित उचित दर विक्रेता अथवा पूर्ति निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर अपना मोबाइल नंबर और अन्य विवरण अपडेट करा लें।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। निर्धारित अवधि में सत्यापन नहीं कराने की स्थिति में राशन कार्ड के निष्क्रिय होने की जिम्मेदारी संबंधित लाभार्थी की होगी।





