रुद्रप्रयाग। जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अगस्त्यमुनि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पांच लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान वीरोदेवल क्षेत्र में एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पांच लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चंदूलाल पुत्र कमल दास, निवासी वीरोदेवल, थाना अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली अगस्त्यमुनि में मुकदमा अपराध संख्या 45/2026 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में बसुकेदार चौकी प्रभारी अपर उप निरीक्षक भूपाल गुसाईं और आरक्षी विनय कोठारी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





